अमृतसर , अगस्त 16 -- दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पंथक चिंतक हरविंदर सिंह सरना ने महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवा में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है।

श्री सरना ने रविवार को महाराष्ट्र सरकार से घटना की उच्च स्तरीय जांच करवाकर हमले के पीछे की साजिश को बेनकाब करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सिख पंथ में गुरुद्वारों को सबसे सुरक्षित स्थान माना जाता है और किसी गुरुद्वारे में राजनीतिक नेता पर हमला होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने धार्मिक यात्रा पर परिवार सहित गये श्री बादल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही गुरुद्वारा प्रबंधकों से अपील की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किये जायें।

श्री सरना ने कहा कि गुरुद्वारा माता साहिब देवा अत्यंत पवित्र धार्मिक स्थल है, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही यह गुरुधाम तख्त श्री हजूर साहिब ट्रस्ट के प्रबंधन के अधीन नहीं है, लेकिन तख्त श्री हजूर साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलवंत सिंह को भी इस घटना का संज्ञान लेते हुए स्वयं जांच करवानी चाहिए, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित को न्याय मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित