वाराणसी , अक्टूबर 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर वाराणसी की ओर से शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मलदहिया चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालू' ने कहा कि सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड और सशक्त भारत की नींव रखी। उनका जीवन और विचार राष्ट्रसेवा की अमर प्रेरणा हैं। उनके मजबूत भारत के सपने को साकार करने की दिशा में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस के कारण आज देश एकजुट है। युवाओं को उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में महानगर उपाध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय, आत्मा विश्वेश्वर, प्रमील पांडेय, अशोक पांडेय, राकेश जायसवाल, विकास बागी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित