वाराणसी , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर वाराणसी के सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र स्थित अकेलवा संजोई में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी ने इस आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं।

समाजवादी पार्टी युवजन सभा के प्रदेश प्रवक्ता संदीप मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि इस जनसभा के माध्यम से अखिलेश यादव पूर्वांचल में चुनावी अभियान का आगाज करेंगे। इसमें गाजीपुर, मऊ, बलिया, जौनपुर, आजमगढ़, भदोही समेत पूर्वांचल के अन्य जिलों से भी पार्टी कार्यकर्ताओं शामिल होंगे। जनसभा में एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

श्री मिश्रा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर खिलेश यादव पूर्वांचल समेत पूरे उत्तर प्रदेश की जनता को बड़ा राजनीतिक संदेश देंगे। जनसभा में वाराणसी की सभी विधानसभा सीटों से करीब 10-10 हजार कार्यकर्ताओं और लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने में जुटे हैं।

राजनीतिक दृष्टि से इस जनसभा को सपा की गैर-यादव पिछड़े वर्गों, विशेषकर पटेल समुदाय को अपने साथ जोड़ने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के अकेलवा संजोई में जनसभा आयोजित करने के पीछे सेवापुरी और रोहनिया विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने की रणनीति भी हो सकती है।

पार्टी की रणनीति में यादव और पटेल समुदाय समेत अन्य पिछड़े वर्गों को साथ लाने पर जोर दिए जाने की संभावना है। सपा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्वांचल में मिले राजनीतिक समर्थन को विधानसभा चुनाव में भी बनाए रखने की कोशिश कर सकती है। पूर्वांचल की 100 से अधिक विधानसभा सीटों पर पार्टी की रणनीति के लिहाज से यह जनसभा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित