अम्बिकापुर , मार्च 01 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत अम्बिकापुर स्थित 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु अस्पताल में जिला स्तरीय विशेष हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रायपुर स्थित एक निजी अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञों और चिकित्सकीय दल ने बच्चों की विस्तृत जांच की।

जिला पीआरओ से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, हृदय रोग से ग्रसित बच्चों के लिए आयोजित इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में जिले के सभी विकासखंडों के चिरायु दल द्वारा चिन्हित बच्चों को जांच और उपचार के लिए मातृत्व शिशु अस्पताल लाया गया। शिविर में एक वर्ष से 14 वर्ष तक के कुल 172 बच्चों का पंजीयन किया गया। इनमें से 57 बच्चों की हृदय ईको जांच की गई, जिसमें 30 बच्चों में हृदय रोग के लक्षण पाए गए।

शिविर में रायपुर के निजी अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत महरिया, प्रबंधक उपेन्द्र शुक्ला, खामेश्वर लहरे, ईको टेक्नीशियन वेदप्रकाश साहू तथा मेडिकल कॉलेज संबद्ध चिकित्सालय अम्बिकापुर से शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जे.के. रेलवानी, डॉ. के.आर. टेकाम, एचओडी डॉ. अविनाशी कुजूर, नोडल आरबीएसके डॉ. के.पी. विश्वकर्मा एवं डीईआईसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग गुप्ता उपस्थित रहे।

चिन्हित किए गए बच्चों का निःशुल्क सर्जरी सहित अन्य आवश्यक उपचार रायपुर स्थित निजी अस्पताल में किया जाएगा। शिविर के दौरान जिले के सभी विकासखंडों के चिरायु दल हितग्राहियों के साथ उपस्थित रहे। शिविर स्थल पर डॉ. सुमन, अस्पताल सलाहकार स्वास्ति शुक्ला तथा डीईआईसी प्रबंधक कमल नारायण सिंह की उपस्थिति में व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस प्रकार के विशेष स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से बच्चों में गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और निःशुल्क उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित