अंबिकापुर , जून 01 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में कटकोना से सिरकोतांगा होते हुए रजपुरी कला तक राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण में कथित विलंब को लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस संबंध में 20 मई को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), उदयपुर को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में उल्लेख किया गया था कि यदि 10 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि 1 जून तक न तो एसईसीएल और न ही किसी अन्य संबंधित विभाग द्वारा सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई की गई है। इसे लेकर क्षेत्र में नाराजगी बढ़ रही है।
आंदोलनकारियों ने घोषणा की है कि तीन जून को दोपहर दो बजे से अमेरा खदान क्षेत्र में संचालित कार्यों को रोकते हुए सिंगीटाना राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा। प्रस्तावित आंदोलन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रणविजय सिंह देव, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा किए जाने की जानकारी दी गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है। प्रशासन की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित