अंबिकापुर , अप्रैल 23 -- ) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का चापड़ और घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि थाना दरिमा क्षेत्र में पदस्थ एक पटवारी ने 22 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहा था, तभी जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू वहां पहुंचा और एक अधिकारी से बात कराने को लेकर दबाव बनाने लगा। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह अपने वाहन से धारदार हथियार लाकर प्रार्थी एवं अन्य कर्मचारियों को डराने-धमकाने लगा, जिससे वे वहां से भागने को मजबूर हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा के उप निरीक्षक (डीआईजी) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर थाना दरिमा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह आदतन अपराधी बताया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना दरिमा एवं साइबर सेल की टीम की सक्रिय भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित