अंबिकापुर , जून 08 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्ण, सुरक्षित और आनंदमय वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा स्थापित 'सियान गुड़ी' (वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर) का सोमवार को शुभारंभ किया गया।
वित्त एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की उपस्थिति में केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर चौधरी ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव नई पीढ़ी को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुखद जीवन के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त इस केंद्र की स्थापना की गई है।
सुश्री राजवाड़े ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में कई बार परिवार के सदस्य अपने बुजुर्गों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते, जिससे वे अकेलेपन का अनुभव करते हैं। ऐसे में 'सियान गुड़ी' वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक जुड़ाव, स्वास्थ्य संरक्षण और मनोरंजन का बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र में योग, प्राणायाम, फिजियोथेरेपी, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, पुस्तकालय, पारिवारिक परामर्श, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियां, इंडोर गेम्स, स्वल्पाहार तथा भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। 25 सीटर क्षमता वाले इस केंद्र का संचालन सप्ताह में छह दिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ कैरम और लूडो खेलकर संवाद किया। इस अवसर पर बुजुर्गों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया तथा व्हीलचेयर और छड़ी का वितरण भी किया गया।
मनेंद्रगढ़ रोड स्थित इस डे-केयर सेंटर का संचालन समाज कल्याण विभाग के सहयोग से अनामिका वेलफेयर सोसायटी, अंबिकापुर द्वारा किया जाएगा। केंद्र में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को दिनभर स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, पार्षद कमलेश तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। वहीं कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक वी.के. उइके, एसडीएम बनसिंह नेताम तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित