अंबिकापुर , सितंबर 23 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट थाना क्षेत्र में कथित रूप से चूहे मारने की दवा खाने के बाद एक नवविवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। करीब चार-पांच महीने पहले महिला की शादी हुई थी। पीड़िता के मायके वालों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित प्रगतिनगर निवासी वर्षा यादव (20) का विवाह एक मई 2026 को सामाजिक रीति-रिवाज से मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव के साथ हुआ था। 18 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे वर्षा ने अपने पिता उमेश यादव को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर कहा था कि वह जीना नहीं चाहती और उसे सुकून से मरने दिया जाए।
इसके कुछ समय बाद अजय यादव ने अपने ससुर उमेश यादव को फोन कर वर्षा की तबीयत खराब होने और उसे मिशन हॉस्पिटल, अंबिकापुर ले जाने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर उमेश यादव भी अस्पताल पहुंचे। कथित तौर पर चूहे मारने की दवा खाने के कारण वर्षा की हालत बिगड़ गई थी और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया।
उमेश यादव के मुताबिक 19 सितंबर को वर्षा ने उनसे कहा था कि ससुराल वाले उसके साथ ठीक व्यवहार नहीं करते हैं। उपचार के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पिता उमेश यादव ने पुलिस को दिए बयान में ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को भी वर्षा ने फोन पर अपनी परेशानी बताई थी। उनके मुताबिक वर्षा ने कहा था कि उसके साथ मारपीट की गई और उसके पति ने कथित तौर पर पेट पर चढ़कर उसका गला दबाने की कोशिश भी की थी।
उमेश यादव के अनुसार बेटी की बात सुनने के बाद उन्होंने उसे समझाया था कि पति-पत्नी के बीच कभी-कभी छोटे-मोटे विवाद हो जाते हैं और वह जल्द दोनों से मिलकर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि परिवार को उस समय मामले की गंभीरता का अंदाजा नहीं था।
परिजनों के अनुसार वर्षा एम.एससी. की पढ़ाई करना चाहती थी और ससुराल पक्ष की सहमति के बाद उसकी आगे की पढ़ाई जारी रखने की बात तय हुई थी।
नवविवाहिता की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पिता सहित अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए गए।
नायब तहसीलदार लखेश्वर सिदार ने आज बताया कि मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट और पैसों के लेन-देन को लेकर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल कथित मारपीट और विवाद के कारणों की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। मायके पक्ष ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित