अंबिकापुर , अप्रैल 21 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद मोटरसाइकिलों की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपये है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में दुपहिया वाहन चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना मणिपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मामले की शुरुआत 10 अप्रैल को हुई, जब भगवानपुर सुभाषनगर निवासी शिवम रवानी ने थाना मणिपुर में अपनी अपाचे मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर संदेही दीपक प्रजापति (23), निवासी बरगीडीह थाना लुंड्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी जावेद खान (28) के साथ मिलकर अंबिकापुर और आसपास के क्षेत्रों से विभिन्न स्थानों-जिला अस्पताल, मिशन अस्पताल एवं अन्य जगहों-से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल सात मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वर्तमान प्रकरण में भी उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना लुंड्रा, थाना मणिपुर एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा जिले में आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित