अंबिकापुर , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन बरामद किए हैं।

यह जानकारी पुलिस ने आज दी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार टीम ने 17 अप्रैल की रात करीब 10 बजे मुखबिर की सूचना पर सीतापुर थाना क्षेत्र के कुम्हारपारा महेशपुर में छापा मारकर गौतम बनवासी और जगजीवन प्रजापति को गिरफ्तार किया। इनके पास से 1704 नग स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल जब्त किए गए।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह नशीली दवाएं दरिमा थाना क्षेत्र के बेलखरिखा निवासी शेख अयातुल्लाह उर्फ भोलू खान से खरीदी थीं। आरोपियों की निशानदेही पर आबकारी टीम ने अंबिकापुर स्थित बस स्टैंड के पास श्याम लॉज में दबिश देकर भोलू खान को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 50 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 50 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए।

आबकारी विभाग के सहायक जिला अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि भोलू खान लंबे समय से फरार था और सरगुजा क्षेत्र में नशीले इंजेक्शन, टैबलेट और कफ सिरप की सप्लाई कर रहा था। वह बार-बार मोबाइल नंबर बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करता था।

तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी, 22सी और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई सरगुजा आईजी दीपक झा के मार्गदर्शन में की गई, जिसमें साइबर और आबकारी टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित