अंबिकापुर , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम समनिया में सोमवार सुबह भालू के हमले में एक महिला समेत तीन ग्रामीण घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम समनिया में आज सुबह जंगली भालू आबादी वाले क्षेत्र में घुस आया। इस दौरान ठंड से बचने के लिए धूप सेक रहे फुलेश्वरी मझवार (65), सियाराम कुजूर (70) और नेहरू मझवार (70) पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। भालू ने तीनों को पंजा मारने के साथ दांत से काटकर घायल कर दिया।
हमले के दौरान तीनों ग्रामीण भालू से बचने के लिए संघर्ष करते हुए शोर मचाते रहे। आवाज सुनकर गांव के अन्य लोग डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को खदेड़ा। इसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों की तत्परता से तीनों की जान बच सकी।
हमले में फुलेश्वरी मझवार गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमलेश्वरपुर में प्रारंभिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। सियाराम कुजूर और नेहरू मझवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमलेश्वरपुर में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित