सरगुजा, फरवरी 19 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आबकारी विभाग ने प्रतिबंधित नशीले दवाइयों की तस्करी करने वाले तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
आबकारी विभाग की टीम ने अलग-अलह स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 896 नग प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। यह गिरफ्तारियां 16 और 18 फरवरी को की गई थीं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार,सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम गस्त पर थी। इसी दौरान कत्कालो बाजार थाना दरिमा क्षेत्र में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, जिसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुकेश गुप्ता बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 224 नग एस्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बरामद किए गए।
इसी कड़ी में मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने बतौली थाना के सूआरपारा पानी टंकीके पास घेराबंदी कर दो अन्य तस्करों को पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल तिग्गा और नितेश चौहान निवासी बिरिमकेला थाना बतौली जिला सरगुजा के रूप में हुई। दोनों के कब्जे से 472 नग प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22सी के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। सभी को विशेष न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत भेजने का आदेश दिया।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के अलावा मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारू राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, ओमप्रकाश गुप्ता और महिला सैनिक चंद्रावती की अहम भूमिका रही।
श्री गुप्ता ने बताया कि सरगुजा को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित