सरगुजा , मई 13 -- छत्तीसगढ़ की सरगुजा पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनजागरूकता गतिविधियों को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने के उद्देश्य से 18 अभ्यर्थियों का चयन किया है, जिसकी जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी। चयनित स्वयंसेवक पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स के साथ मिलकर जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करेंगे।

पुलिस द्वारा युवाओं एवं जागरूक नागरिकों के लिए विशेष चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी, जिसके तहत प्राप्त आवेदनों के परीक्षण एवं साक्षात्कार के बाद 18 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों की संवाद क्षमता, सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता, नेतृत्व क्षमता एवं जनहित कार्यों के प्रति रुचि का मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया में भार्गवी द्विवेदी को प्रथम, आस्था गुप्ता को द्वितीय तथा डिंपल चौधरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। अन्य चयनित अभ्यर्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समाज सेवा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदर्शित किया।

चयनित स्वयंसेवक भविष्य में सरगुजा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर जागरूकता, महिला सुरक्षा, यातायात जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान एवं अन्य जनहित कार्यक्रमों में नि:शुल्क सेवाएं देंगे। इसका उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर समाज में जागरूकता बढ़ाना है।

सरगुजा पुलिस वर्ष 2022 से सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स द्वारा अंबिकापुर क्षेत्र में स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों एवं नशा मुक्ति जैसे विषयों पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।

यह चयन एवं साक्षात्कार प्रक्रिया नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में संबंधित अधिकारियों एवं स्टाफ द्वारा संपन्न की गई। कार्यक्रम में साइबर वॉलंटियर्स एवं पुलिस मितान की सक्रिय भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित