अंबिकापुर , सितंबर 15 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के ग्राम रजौटी स्थित सान्याघुटरी जंगल में गौ हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से गौ मांस और टांगी बरामद की है।

सीतापुर पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे ग्राम रजौटी के सान्याघुटरी जंगल में पांच ग्रामीणों ने मिलकर कथित तौर पर एक गाय की हत्या की और उसके मांस का आपस में बंटवारा कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान दो आरोपियों को पकड़ा, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

पुलिस ने रजौटी बरपारा निवासी 45 वर्षीय अजय कुमार कुजूर और 27 वर्षीय रंजीत कुजूर को गिरफ्तार किया है। वहीं गुमगरा निवासी विवेक खलखो समेत तीन आरोपी फरार बताए गए हैं। घटनास्थल पर मिले गाय के कटे हुए अवशेषों और अन्य सामग्री को पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर जब्त किया है।

सीतापुर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गाय की हत्या के बाद मांस का आपस में बंटवारा किया गया था और बचा हुआ मांस बेचने की तैयारी थी। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने मामले में धारा 325, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित