एमसीबी, फरवरी 01 -- छत्तीसगढ के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित सरगुजा ओलंपिक 2025-26 की विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता का समापन खड़गवां स्थित मिनी स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम का समापन अत्यंत भव्य, अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में खेल भावना और ग्रामीण प्रतिभाओं की चमक साफ दिखाई दी।
जिला पीआरओ से रविवार को मिली जानकारी के मुताबिक,समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का मंच है। उन्होंने कहा, "सरगुजा ओलंपिक से ही प्रदेश में भविष्य का खिलाड़ी निकलेगा। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।"विशिष्ट अतिथियों में चिरमिरी नगर निगम के महापौर राम नरेश राय, जनपद उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह, खड़गवां सरपंच सुखित लाल अगरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के परिणाम घोषित किए गए। कबड्डी जूनियर बालक वर्ग में बरदर विजेता रहा तो खड़गवां उपविजेता रहा। कबड्डी सीनियर बालक वर्ग में भी बरदर ने जीत दर्ज की और उधनापुर दूसरे स्थान पर रहा। बालिका सीनियर कबड्डी में खड़गवां ने पहला स्थान प्राप्त किया। खो-खो बालक जूनियर वर्ग में पोड़ीडीह विजेता रहा। फुटबॉल प्रतियोगिता में डोमनहील की टीम ने विजेता का खिताब जीता।
सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के अनुशासन और खेल भावना की सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
इस आयोजन को सफल बनाने में निर्णायकों संजीव डे, वीरेन्द्र नामदेव, शमीम अख्तर समेत अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अभिलेख प्रभारी पेकज लहरे, रेणु सोधिया के योगदान को भी सराहा गया। कार्यक्रम का मंच संचालन जितेन्द्र सिंह ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित