नयी दिल्ली , मई 25 -- दिल्ली के वन पर्सयावरण और वन्यजीव मंत्री मनिंदर सिंह सिरसा ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और दिल्ली को एक स्वच्छ, हरा-भरा तथा जल-संरक्षित राजधानी में बदलने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
श्री सिरसा ने आज वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ओखला में कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) का निरीक्षण किया और यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और दिल्ली को एक स्वच्छ, हरा-भरा और जल-संरक्षित राजधानी में बदलने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा, " दिल्ली सरकार एसटीपी और सीईटीपी के विकेंद्रीकरण के लिए हरसंभव गंभीर प्रयास कर रही हैं। इसके साथ ही नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और आवश्कतानुसार मौजूदा बुनियादी ढांचे का आधुनिकरण भी किया जा रहा है। यमुना में निर्मल जल का प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए बड़ा और व्यापक मिशन चल रहा है।"श्री सिरसा ने कहा, "बीते 25 सालों में, पिछली सरकारों ने सीईटीपी को अपग्रेड करने के बारे में सिर्फ वादे किए, लेकिन ज़मीन पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। हमारी सरकार सीवेज ट्रीटमेंट व्यवस्था को अपग्रेड करने, कड़ी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और उन्हें प्रभावशाली तरीके से संचालित करने के लिए पर विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि "औद्योगिक कचरा यमुना के प्रदूषण का एक प्रमुख कारक है, और सीईटीपी वे ज़रूरी संसाधन हैं जिसकी सहायता से इस प्रदूषण को नदी में जाने से पहले रोका जा सकता है।"उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की यमुना का पुनरुद्धार करने की बड़ी पहल के तहत एक हजार करोड़ से ज़्यादा की परियोजनाओं को मंज़ूरी दी गई है। इनमें 12 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (एसटीपी ) का निर्माण, केशवपुर एसटीपी का अपग्रेडेशन, ट्रंक सीवर नेटवर्क का पुनरुद्धार, और दिल्ली के जल प्रबंधन और सीवेज ट्रीटमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को मज़बूत करने के उद्देश से बारिश के पानी का बड़े पैमाने पर संचयन करने की पहलें शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित