हैदराबाद , जुलाई 19 -- तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने रविवार को सिंगरेनी कोलियरीज को मजबूत करने और पूरे राज्य में बिना रुकावट गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने भद्राद्री कोठागुडेम के तेकुलापल्ली के दौरे के दौरान संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र के साथ इस मुद्दे पर बातचीत के बाद ताडिचेरला-II कोल ब्लॉक हासिल करने की जानकारी देते हुए बताया कि सिंगरेनी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नैनी कोल ब्लॉक के लिए मंजूरी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

यह आरोप लगाते हुए कि पिछली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार ने नये कोल ब्लॉक हासिल न करके सिंगरेनी की अनदेखी की, श्री भट्टी ने कहा कि मौजूदा सरकार लगभग 45,000 स्थायी कर्मचारियों और 35,000 संविदाकर्मियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य के द्वारा अनुसूचित क्षेत्रों में कोल ब्लॉकों के निजीकरण के खिलाफ अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखने और खनन परियोजनाओं से विस्थापित परिवारों के न्याय को सुनिश्चित करने की बात कही।

उपमुख्यमंत्री ने मानसून के बावजूद तेलंगाना में बिजली की मांग में अभूतपूर्व वृद्धि होने की बात करते हुए बताया कि यह 16,600 मेगावाट तक पहुंच गई है लेकिन अधिकारियों को चौबीसों घंटे बिना रुकावट बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 108 आपातकालीन सेवा की तर्ज पर 165 'पावर एम्बुलेंस' शुरू की है, ताकि 1912 हेल्पलाइन के जरिए बिजली आपूर्ति को तेजी से बहाल किया जा सके।

श्री भट्टी ने कल्याणकारी उपायों पर बात करते हुए राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के लिए दुर्घटना बीमा को बढ़ाकर 1.20 करोड़ रुपये करने और आदिवासी किसानों को सौर ऊर्जा से चलने वाली सिंचाई सुविधाएं प्रदान करने के लिए 'इंदिरा सौर गिरी जल विकासम' योजना शुरू करने की भी बात कही।

उन्होंने वैज्ञानिकों की ओर से 'अल नीनो' के संभावित असर की चेतावनी की चर्चा करते हुए संभावित सूखे की स्थिति के असर को कम करने के लिए तैयारी और जन-जागरूकता का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित