नयी दिल्ली , मई 16 -- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में पेपर लीक मामले को लेकर मोदी सरकार पर फिर निशाना साधा और कहा कि सरकार में कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता है और पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जिम्मेदार है इसलिए उनको पद से हटाया जाना चाहिए।
श्री गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा, "मोदी सरकार में ज़िम्मेदारी नहीं होती, सिर्फ़ जालसाज़ी का एक तय फ़ॉर्मूला है। पहले लंबी खामोशी, फिर गुनहगारों को संरक्षण और बाद में सवाल पूछने वालों पर हमला।"उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक जैसी गंभीर घटना के बावजूद किसी मंत्री ने इस्तीफ़ा नहीं दिया। श्री गांधी ने कहा कि वर्ष 2024 में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक को 'हटाया' गया, लेकिन बाद में उन्हें एक मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बना दिया गया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार में कोई जवाबदेही लेने वाला नहीं है बल्कि यह सरकार 'जवाबदेही से दूर भागने की मशीन' बन गई है।
इससे पहले उन्होंने एक वीडियो जारी कर मोदी सरकार पर करारा हमला किया और कहा कि शिक्षा मंत्री को तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देना चाहिए और इस्तीफा नहीं देते हैं तो उन्हें हटा देना चाहिए। उनका कहना था कि अगर ऐसा नहीं होता है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्री प्रधान ने 22 लाख नीट की तैयारी करने वाले बच्चों के साथ धोखा किया है। साथ ही, संसद का भी अपमान किया है। उनका कहना था कि शिक्षा मंत्री ने संसदीय समिति की रिपोर्ट को सिर्फ़ इसलिए ख़ारिज कर दिया क्योंकि उसमें विपक्ष के सांसद शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित