लखनऊ , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अपनी गिरफ्तारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष का सामना करने से डर रही है और पुलिस बल का इस्तेमाल कर राजनीतिक विरोध को दबाने का प्रयास कर रही है। श्री राय ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्वक मौजूद थे, लेकिन सरकार ने भारी पुलिस बल भेजकर उन्हें गिरफ्तार करा दिया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस के सहारे विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने में विश्वास रखता है, लेकिन अन्याय का जवाब भी देना जानता है।
श्री राय ने कहा कि जेल या गिरफ्तारी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर नहीं होगा और पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की दमनात्मक कार्रवाई से कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित