नयी दिल्ली , अप्रैल 18 -- सरकार ने रेलवे के दो बड़े मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी है जिस पर लगभग 24,815 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने भारतीय रेलवे के दो बड़े मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 24,815 करोड़ है और इन्हें वर्ष 2030-31 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के तहत उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के कुल 15 जिलों को कवर किया जाएगा, जिससे भारतीय रेलवे नेटवर्क में करीब 601 किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी। इन परियोजनाओं से रेलवे की लाइन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा, जिससे ट्रेनों की आवाजाही तेज और सुगम होगी। साथ ही, भीड़भाड़ कम होगी और सेवाओं की विश्वसनीयता में सुधार आएगा।
रेलवे के इस विस्तार से करीब 180.31 करोड़ किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी, जो लगभग 7.33 करोड़ पेड़ लगाने के बराबर है। इसके साथ ही, इन परियोजनाओं से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित