फगवाड़ा , जुलाई 02 -- पंजाब में फगवाड़ा से कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर चुनावी वादे पूरे न करने और राज्य में गहराते बिजली संकट को लेकर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि सरकार ने महिलाओं से किये गये मासिक आर्थिक सहायता के वादे को पूरा नहीं किया और बिजली प्रबंधन में भी पूरी तरह विफल रही है। श्री धालीवाल ने गुरुवार को कहा कि आम आदमी पार्टी ने 16 मार्च 2022 को सत्ता संभालने से पहले प्रत्येक पात्र महिला को हर महीने 1,000 रुपये देने का वादा किया था। उनके अनुसार, जुलाई 2026 तक सरकार को लगभग 51 महीने पूरे हो चुके हैं, ऐसे में प्रत्येक पात्र महिला को करीब 51 हजार रुपये मिल जाने चाहिए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब केवल 3,000 रुपये की एकमुश्त सहायता की घोषणा कर रही है, जबकि उसके अपने चुनावी वादे के अनुसार प्रत्येक महिला के लगभग 48 हजार रुपये अब भी बकाया हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपनी घोषणा को लेकर गंभीर है तो पात्र महिलाओं को पूरा बकाया भुगतान तत्काल किया जाना चाहिए।

उन्होंने सरकार के फैसले के समय पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि हाल ही में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा पंजाब विधानसभा चुनाव नवंबर में होने की संभावना जताने के बाद अचानक इस योजना की घोषणा राजनीतिक मंशा को दर्शाती है। उन्होंने पूछा कि सरकार को अपना चुनावी वादा चुनाव नजदीक आने पर ही क्यों याद आया। उन्होंने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि यह योजना स्थायी कल्याणकारी योजना के रूप में जारी रहेगी या चुनाव के बाद बंद कर दी जाएगी। साथ ही उन्होंने सरकार से इस योजना के लिए वित्तीय संसाधनों और खर्च का विस्तृत रोडमैप सार्वजनिक करने की भी मांग की।

बिजली संकट को लेकर श्री धालीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब, जो कभी बिजली अधिशेष राज्य माना जाता था, आज लंबे और अघोषित बिजली कटों से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों, कस्बों और शहरों में किसान, उद्योग, व्यापारी और घरेलू उपभोक्ता सभी बिजली संकट से परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार धान रोपाई के महत्वपूर्ण सीजन में किसानों को आठ घंटे निर्बाध बिजली देने का अपना वादा भी पूरा नहीं कर सकी, जिसके कारण किसानों को प्रदर्शन करने पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उद्योगों का संचालन भी प्रभावित हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित