नयी दिल्ली , नवंबर 11 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने महज एक साल में वर्षों से उपेक्षित मुनक नहर का कायाकल्प कर इसे नया स्वरूप दिया है।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर वर्षों से अपने कायाकल्प की प्रतीक्षा कर रही थी। दिल्ली सरकार ने महज एक साल में इसकी तस्वीर बदलने का काम किया है। नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट का निर्माण कर इसे छठी मैया के भक्तों की सेवा के लिए समर्पित किया जा रहा है। यह केवल सीढ़ियों, सड़कों और अन्य सुविधाओं का निर्माण नहीं है, बल्कि दिल्ली में रहने वाले लाखों पूर्वांचलवासियों की आस्था, परंपरा और भावनाओं का सम्मान है। छठ महापर्व हमारी संस्कृति में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परिवार की सुख-समृद्धि और लोककल्याण की भावना का प्रतीक है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की यह परंपरा हमें प्रकृति के साथ संतुलन और सामूहिकता का संदेश देती है।
उन्होंने कहा , "हमारी सरकार का प्रयास है कि छठी मैया के भक्तों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर और सुविधाजनक वातावरण मिले, ताकि वे पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ इस महापर्व को मना सकें। सिंगलपुर रोड का विकास और मुनक नहर का पुनर्जीवन क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए सुविधाओं का विस्तार भी है। यह हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 12 नवंबर को अपने कर-कमलों से इन विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। दिल्ली सरकार पूर्वांचल की संस्कृति, परंपराओं और आस्था को पूरा सम्मान देते हुए राजधानी को विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।"उल्होंने बताया कि नहर में स्वच्छ पानी के प्रवाह की व्यवस्था की जायेगी तथा विभिन्न स्थानों पर फव्वारे भी लगाये जायेंगे। इससे पूरे क्षेत्र को एक नया और आकर्षक स्वरूप मिलेगा। नहर के बीच तीन पुलों का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे आवागमन और दोनों किनारों के बीच संपर्क को बेहतर बनाया जा सके। परियोजना का अधिकतर काम पूरा हो चुका है। इस वर्ष छठ महापर्व पर पूरे 11 किलोमीटर क्षेत्र में पूजा-अर्चना की व्यवस्था की जा रही है, जबकि शेष विकास कार्य, पुलों का निर्माण और हरियाली से जुड़े कार्य आगामी दो-तीन महीनों में पूरे करने का लक्ष्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित