नयी दिल्ली , मई 16 -- सरकार ने आयात बिल कम करने के प्रयासों के तहत चांदी की सिल्ली के आयात के लिए नीति में बदलाव किया है और इसे "मुक्त" जगह "नियंत्रित" कर दिया है।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) द्वारा शनिवार को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। इसमें वजन के हिसाब से 99.9 प्रतिशत या उससे अधिक चांदी वाली सिल्लियों और चांदी की अन्य सिल्लियों के लिए भी आयात नीति "मुक्त" से बदलकर "नियंत्रित" कर दी गयी है।

डीजीएफटी ने कहा है कि यह अधिसूचना वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री की स्वीकृति से जारी की गयी है।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संकट के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के मद्देनजर सरकार ने दूसरे मदों में आयात बिल कम करने की योजना तैयार की है ताकि चालू खाते के घाटे को नियंत्रित रखा जा सके। इसी के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की है, और अब चांदी की आयात नीति में बदलाव किया गया है।

भारत ने इस साल अप्रैल में 562.69 करोड़ डॉलर का सोना आयात किया था जो सालाना आधार पर 81.69 प्रतिशत की बढ़ोतरी दिखाता है। अप्रैल में चांदी का आयात भी 157 प्रतिशत बढ़कर 41.11 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि, इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण दोनों कीमती धातुओं के मूल्य में एक साल में आयी भारी वृद्धि है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित