अलवर , जुलाई 10 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने सरकारी स्कूलों में छुट्टियों में कटौती को लेकर उठ रहे विरोध के बीच कहा है कि सरकार जो चाहती है, वह करती है और सभी निर्णय नियमों के तहत लिए जाते हैं।

श्री दिलावर ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक समय और अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। छुट्टियां कम होंगी तो विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अधिक दिन मिलेंगे, जिससे उनकी शिक्षा में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर है और इसी दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये हैं।

श्री दिलावर ने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इस बार पहली बार सरकारी स्कूलों की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाधिक मेरिट आई है, जो सरकारी स्कूलों की बदलती तस्वीर का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पहले शिक्षा के स्तर के मामले में राजस्थान पूरे देश में 14वें स्थान पर था, लेकिन सरकार के प्रयासों के चलते अब राज्य चौथे स्थान पर पहुंच गया है। श्री दिलावर ने कहा कि राजस्थान में शिक्षा विभाग के नवाचार और सुधारों की केंद्र सरकार ने भी सराहना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित