नयी दिल्ली , मई 26 -- भारतीय युवा कांग्रेस ने कहा है कि देश के युवा पेपर लीक, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार और संस्थागत पतन जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय विरोध की आवाज़ों को दबाने में लगी है।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने मंगलवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश के युवा पेपर लीक, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार और संस्थागत पतन जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय विरोध की आवाज़ों को दबाने में लगी है। युवा कांग्रेस ने केन्द्र सरकार के इस रवैये के खिलाफ "इंडियन यूथ कॉकरोचेज" अभियान लॉन्च किया है।उन्होंने इस अभियान को युवाओं के अधिकारों और जवाबदेही की लड़ाई का राष्ट्रव्यापी प्रतिरोध आंदोलन बताया । युवा कांग्रेस ने "सैक प्रधान" नाम से एक ऑनलाइन याचिका भी शुरू की है, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई है। संगठन ने युवाओं को जोड़ने के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया है।

श्री चिब ने कहा यह लड़ाई केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है, बल्कि ज़मीनी स्तर पर चल रहा जन-आंदोलन है। उन्होंने दावा किया कि पेपर लीक और छात्र हितों के मुद्दों पर संगठन के कार्यकर्ता लगातार सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। श्री चिब ने कहा कि एफआईआर, जेल, धमकियों और सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंशन से युवा कांग्रेस डरने वाली नहीं है और वह युवाओं के भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित