रुद्रप्रयाग , मई 16 -- उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले में "सरकार जनता के द्वार" कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी अलग-अलग ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में प्रति माह अधिकारियों को ग्राम पंचायतें आवंटित की जा रही हैं, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को बताया कि मई के लिए कुल 46 अधिकारियों को विभिन्न ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार जिलाधिकारी विशाल मिश्रा विकास खंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत मालतोली का भ्रमण कर ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी खुद ग्राम पंचायत कोठगी, उप वन संरक्षक रजत सुमन ग्राम पंचायत पीड़ा तथा अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा विकास खंड जखोली की ग्राम पंचायत जवाड़ी में स्थलीय निरीक्षण एवं ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवंटित ग्राम पंचायतों में भ्रमण एवं बैठकों की अद्यतन रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप पर जिला कार्यालय तथा मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं की नियमित समीक्षा की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित