पौड़ी , मई 21 -- त्तराखंड में पौड़ी के विकासखंड खिर्सू के ग्राम पंचायत कोटि अंतर्गत राजस्व ग्राम दुर्गाकोट में गुरुवार को आयोजित सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर लगाया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी राम सलोने ने की।
शिविर में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, शौचालय, सोलर लाइट तथा स्वरोजगार से जुड़ी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। पेयजल समस्या पर जल संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में जलापूर्ति को बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं तथा 32 गांवों की दीर्घकालिक पेयजल समस्या के समाधान के लिए 6.5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
पीएमजीएसवाई अधिकारियों ने सड़क निर्माण कार्यों को जल्द आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। वहीं महिलाओं की ओर से उठाई गई शौचालय निर्माण की मांग पर ग्राम विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि मनरेगा के अंतर्गत कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं और जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने, जंगली जानवरों के खतरे को देखते हुए सोलर लाइट लगाने तथा स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। संबंधित विभागों ने इन विषयों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने वृद्धावस्था और विधवा पेंशन समय पर मिलने पर संतोष भी जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित