जयपुर , मार्च 19 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राज्य सरकार से राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल में रक्त उपलब्धता की पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं बाहरी लाइसेंसी स्रोतों से आपातकालीन रक्त उपलब्ध कराने की स्पष्ट प्रणाली बनाने और बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
श्री गहलोत ने गुरुवार को एक बयान में यह मांग करते हुए कहा कि एसएमएस अस्पताल में निजी ब्लड बैंकों से रक्त नहीं ला पाने के नियम के कारण मरीजों को समय पर रक्त नहीं मिल पाने, अधिक यूनिट की जरूरत पर ऑपरेशन प्रभावित होने, दुर्लभ रक्त समूह के मामलों में भारी परेशानी और दलालों की सक्रियता जैसी खबरें बेहद चिंताजनक हैं।
उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि विधानसभा में सरकार ने उत्तर दिया कि निजी ब्लड बैंकों से जुड़े रक्त के रख-रखाव में अनियमितताओं या अवैध बिक्री की शिकायतें प्राप्त नहीं हुईं। यदि शिकायतें नहीं हैं, तो फिर रोक क्यों लगायी गयी हैं।
उन्होंने कहा कि जीवनरक्षक उपचार में ऐसी अव्यवस्था अस्वीकार्य है। राज्य सरकार को तुरंत हस्तक्षेप कर एसएमएस में रक्त उपलब्धता की पारदर्शी, मानवीय और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, बाहरी लाइसेंसी स्रोतों से आपातकालीन रक्त उपलब्ध कराने की स्पष्ट प्रणाली बनानी चाहिए और बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित