चंडीगढ़ , अक्टूबर 06 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के सीबीआई छापों को भाजपा से जोड़ने वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार को आरोपों से बचने के बजाय जांच में सहयोग करना चाहिए।
श्री ढिल्लों ने कहा कि सीबीआई जांच का आदेश पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने दिया है, भाजपा ने नहीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ''इधर-उधर की बात न करें, बतायें कारवां क्यों लुटा?'' उन्होंने दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय ने 24 जुलाई, 31 जुलाई और सात अगस्त 2026 को लगातार तीन पत्र लिखकर मुख्यमंत्री कार्यालय, ओएसडी और कथित भ्रष्ट लोगों के बीच संबंधों की जांच की मांग की थी। उनके अनुसार सरकार ने न तो प्राथमिकी दर्ज की और न ही जांच के आदेश दिये।
श्री ढिल्लों ने कहा कि जब मामला उच्च न्यायालय पहुंचा और अदालत ने तथ्यों के आधार पर सीबीआई जांच का आदेश दिया, तो अब डरने की क्या बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले अधिकारियों के परिसरों पर सीबीआई की कार्रवाई कथित अनियमितताओं की ओर संकेत करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित