हल्द्वानी,20मार्च(वार्ता) उत्तराखंड में धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर हल्द्वानी में कल आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्तावित दौरे से पहले हल्द्वानी के कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए कार्यक्रम की तैयारियों और भीड़ जुटाने के तरीके पर सवाल खड़े किए हैं।
धामी सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हल्द्वानी में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की तैयारी है। प्रशासनिक स्तर पर इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हैं और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है,लेकिन इस कार्यक्रम से पहले ही सियासत गर्मा गई है।
हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने कार्यक्रम को लेकर सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए अधिकारियों को लगाया गया है, जबकि सरकार के चार साल पूरे होने पर स्वाभाविक रूप से कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखना चाहिए। सुमित हृदयेश ने कहा कि इस बार वह उत्साह नजर नहीं आ रहा है, जिससे यह साफ है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का सहारा लिया जा रहा है।
उन्होंने सरकार से शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी जवाब मांगा। खासतौर पर हल्द्वानी के प्रस्तावित आईएसबीटी और चिड़ियाघर (जू) को लेकर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक इन परियोजनाओं का कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है, जबकि पहले इनको लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए थे। इसके अलावा उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा में वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी हुई है। हालांकि उन्होंने इसे भाजपा का आंतरिक मामला बताया, लेकिन तंज कसते हुए कहा कि नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिलने के बाद अब यह देखना होगा कि वे कम समय में क्या कर पाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित