देहरादून , मार्च 15 -- उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्रित्व वाली सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कुमाऊं क्षेत्र के हल्द्वानी में आगामी 21 मार्च को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं का एक बड़ा सम्मेलन होने जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, सांसद महेंद्र भट्ट ने यह जानकारी दी।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए श्री भट्ट ने खुशी जताई कि प्रदेश के विकास और कल्याण का बजट, विस्तृत चर्चा के साथ पारित हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे में विपक्ष को अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए, क्योंकि उनके गैर जिम्मेदाराना रवैया को प्रदेशवासियों ने इस मर्तबा भी सत्र में देखा है।
उन्होंने सदन में भाजपा विधायकों द्वारा अधिक सवाल किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि हमारे विधायक जनता के स्वाभाविक और जिम्मेदार प्रतिनिधि है। इसीलिए उनके द्वारा जन सरोकारों और क्षेत्रीय समस्याओं को सदन के माध्यम से सरकार के सामने उठाया गया। इसी मुद्दे पर कांग्रेस को आईना दिखाते हुए कहा कि उनके विधायकों ने तो अपनी जनता से जुड़े विषयों को पर्याप्त संख्या में उठाना भी जरूरी नहीं समझा। जिससे स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह मुद्दाविहीन विचारहीन हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित