फगवाड़ा , अगस्त 04 -- पंजाब सरकार की ओर से ठेका कर्मचारियों को नियमित करने तथाअन्य लंबित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद फगवाड़ा नगर निगम कर्मचारी यूनियन और सफाई कर्मचारी यूनियन ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को समाप्त कर दी।
यूनियन अध्यक्ष योगेश कुमार के नेतृत्व में दोनों संगठनों के सदस्य अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) फगवाड़ा रणदीप सिंह हीर के कार्यालय पहुंचे और राज्य सरकार से किये गये आश्वासनों को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। सत्ताइस जुलाई से जारी यह आंदोलन मंगलवार दोपहर बाद करीब 12:30 बजे औपचारिक रूप से समाप्त हो गया।
मीडिया से बातचीत करते हुए योगेश कुमार ने बताया कि तीन अगस्त को चंडीगढ़ में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस के साथ हुई बैठक में प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। बैठक के दौरान नगर निगमों में कार्यरत ठेका कर्मचारियों को नियमित करने की प्रमुख मांग स्वीकार कर ली गयी, जबकि अन्य लंबित मांगों पर भी सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार के इन आश्वासनों को देखते हुए दोनों यूनियनों ने सर्वसम्मति से अपना अनिश्चितकालीन आंदोलन वापस लेने का फैसला किया। एडीसी को सौंपे गये ज्ञापन में यूनियन नेताओं ने राज्य सरकार से चंडीगढ़ बैठक में किये गये वादों को जल्द से जल्द लागू करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक अपने-अपने स्थानों पर लौट गये और इसके साथ ही नौ दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त हो गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित