पटना, मई 13 -- समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ.श्वेता गुप्ता ने अधिकारियों को सामाजिक सुरक्षा निदेशालय अंतर्गत संचालित केंद्र प्रायोजित एवं राज्य योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लाभुकों को आच्छादित करने के निर्देश दिये, जिससे सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने आज सामाजिक सुरक्षा निदेशालय अंतर्गत संचालित केंद्र प्रायोजित एवं राज्य योजनाओं की समीक्षा की।समीक्षा बैठक में श्री एच.आर. श्रीनिवास, अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग, धर्मेन्द्र कुमार, निदेशक, सामाजिक सुरक्षा निदेशालय, बिहार एवं सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के अन्य पदाधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों एवं वर्तमान प्रगति की विस्तृत जानकारी मंत्री को दी।
मंत्री ने समीक्षात्मक बैठक में कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से राज्य के गरीब परिवारों के वृद्ध, निःशक्त, विधवा, कुष्ठ पीड़ित, भिक्षुक आदि को विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने निर्देश दिये कि योजना के लाभ से वंचित पात्र लाभुकों को आच्छादित किया जाए, जिससे सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के 91.25 लाख पेंशनधारियों द्वारा अबतक जीवन प्रमाणीकरण कराया गया है। मंत्री डॉ. गुप्ता ने निर्देश दिये कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के सभी पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण पूर्ण कराया जाए। इसके लिए निरंतर विज्ञापन के माध्यम से पेंशनधारियों को पंचायत स्तरीय शिविर अथवा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण कराने की सूचना दी जाए।
मंत्री ने निर्देश दिये कि सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की सतत निगरानी करते हुए जमीनी स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों से अपील की कि वे आगामी 30 मई तक अपना जीवन प्रमाणीकरण (लाईफ सर्टिफिकेशन) अवश्य करा लें, जिससे सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि उन्हें निर्बाध रूप से प्राप्त होती रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित