चंडीगढ़ , जनवरी 29 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार लोकहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और जनता की भलाई के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं।

श्री राणा ने बताया कि आगामी बजट को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं गंभीर हैं और आमजन तथा किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए बजट तैयार किया जा रहा है। वह गुरुवार को चरखी दादरी में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी दिशा में प्रदेश में जैविक एवं ऑर्गेनिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 20 प्रतिशत तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व में सरकार जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि परिवेदना समिति की मासिक बैठकें शासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं, जिससे आमजन को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है।

बैठक में कुल 12 शिकायतें सुनवाई के लिए रखी गईं, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि दो शिकायतों को आगामी बैठक के लिए लंबित रखा गया। इसके अलावा बैठक में मौजूद अन्य नागरिकों की समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए और शिकायतकर्ता को हर चरण में शामिल रखा जाए, ताकि समाधान प्रभावी और संतोषजनक हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित