उदयपुर , जुलाई 11 -- केन्द्रीय जनजातीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने अधिकारियों का सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया, जिससे जनजातीय परिवारों के जीवन स्तर में वास्तविक और स्थायी परिवर्तन आये।

दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार को उदयपुर पहुंचे श्री उइके ने यहां माणिक्यलाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं अनुसंधान परिषद (टीआरआई) सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित निगरानी और परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम जनमन सहित अन्य प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक समयबद्ध रूप से पहुँचाने पर जोर दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी समन्वय से शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, आधारभूत सुविधाओं और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित