मुरैना , मई 15 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं आम जनता तक पहुंचना आवश्यक है और इसी उद्देश्य से केंद्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

श्री तोमर आज पोरसा विकासखंड में 17 करोड़ 32 लाख 90 हजार रुपये की लागत से निर्मित 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल तथा छह एफ-टाइप एवं छह जी-टाइप आवासीय गृहों के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पोरसा क्षेत्र में अनेक विकास कार्य कराए गए हैं और नव निर्मित अस्पताल से गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि अम्बाह, मुरैना, जौरा, कैलारस, सबलगढ़, विजयपुर एवं श्योपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार विशेष ध्यान दे रही है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी अस्पताल गरीबों के उपचार का सबसे बड़ा माध्यम हैं और लोगों को सरकारी सुविधाओं पर विश्वास करना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों से संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आग्रह करते हुए कहा कि केवल गंभीर स्थिति में ही मरीजों को रेफर किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। जिले के रछेड़, बीरवल का पुरा एवं खड़ियाहार में सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण जारी है। इसके अलावा मुरैना, अंबाह और सबलगढ़ में पीएमश्री केंद्रीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है।

श्री तोमर ने कहा कि सड़क, पुल और पुलिया निर्माण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की मंशा है। उन्होंने लोगों से योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड में सीएम राइज स्कूल बनाए जा रहे हैं और मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र में सड़कों का व्यापक जाल बिछ चुका है। पोरसा सड़क अब नेशनल हाईवे-552 के नाम से जानी जाएगी। कार्यक्रम में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, चंबल संभाग आयुक्त सुरेश कुमार, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित