समस्तीपुर , मई 25 -- बिहार किसान सभा के राज्य महासचिव रामचंद्र महतो ने सोमवार को आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान देश और प्रदेश में आर्थिक संकट झेल रहे है।
बिहार राज्य किसान सभा एवं खेत मजदूर यूनियन के संयुक्त आह्वान पर आज बड़ी संख्या मे किसानों एवं मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों के लिए समस्तीपुर जिला समाहरणालय के पास धरना एवं प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर किसान सभा के जिलाध्यक्ष शंभू चौधरी की अध्यक्षता मे एक प्रतिरोध सभा का भी आयोजन किया गया।
इस सभा को संबोधित करते हुए श्री महतो ने सरकार से बिहार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने और किसानों के भूमि दस्तावेज को अदयतन करने में सरकारी पदाधिकारियों की उदासीनता और दोहन क़ो दूर करने की मांग की।
सभा को भाकपा जिला सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना, किसान सभा के जिला सचिव राम रतन सिंह राकेश, खेत मजदूर यूनियन के महासचिव डॉक्टर अनिल प्रसाद, नौजवान संघ के राष्ट्रीय नेता संजय कुमार, एटक जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार देव एवं महासचिव राम विलास शर्मा समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित