पटना , मई 13 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि सरकार के कार्यों और क्रियान्वित योजनाओं की जानकारी लोगों तक ठीक ढंग से और त्वरित पहुंचना चाहिये।

श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' सभागार में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग की समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक के दौरान सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने विभाग के कार्यों की अद्यतन स्थिति तथा भावी कार्ययोजना की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने समीक्षा के कहा कि बिहार का गौरवशाली अतीत रहा है। बिहार तेजी से तरक्की कर रहा है। यहां कई महत्वपूर्ण चीजों का निर्माण कराया गया है।उन्होंने कहा कि इनफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के साथ-साथ बेहतर कानून व्यवस्था एवं लोगों की बुनियादी सुविधाओं पर काफी काम किया गया है। राज्य में छोटे-छोटे उद्योग भी लगाये गये हैं। इसका लाभ लोगों को मिलने लगा है। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों और क्रियान्वित योजनाओं की जानकारी लोगों तक ठीक ढंग से और त्वरित पहुंचना चाहिये। लोगों का फीडबैक, सुझाव और शिकायतों पर भी सरकार की नजर रहनी चाहिये।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने निर्देश दिये कि बिहार की खासियत, यहां की उपलब्धियां, नये-नये बदलाव, हेरिटेज आदि के बारे में राज्य और राज्य के बाहर के लोगों को सुगमतापूर्वक जानकारी मिले, इसके लिये समुचित व्यवस्था की जाये। साथ ही जिलों के महत्वपूर्ण स्थलों, उसकी खासियत तथा महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाओं आदि की जानकारी लोगों तक जिलावार उपलब्ध हो।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व बढ़ गया है। इसकी उपयोगिता को ध्यान में रखते हुये सभी विभाग अपनी योजनाओं के अनुश्रवण में इसका प्रयोग कर सकते हैं, इससे पारदर्शिता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यदि कोई तथ्यहीन, भ्रामक या नकारात्मक खबरें प्रसारित होती हैं तो पूर्ण तथ्यों के साथ उसका तुरंत खंडन किया जाना चाहिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित