जयपुर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जैसलमेर में सूखे एवं चारे की कमी से पशुओं के दम तोड़ने, आम आदमी के पास रोजगार नहीं होने पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि किसान और पशुपालकों को अपने हाल पर छोड़ दिया गया हैं।

श्री गहलोत ने रविवार को जैसलमेर में पंचायतीराज चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन और किसान संवाद में शामिल होने के बाद कहा कि जैसलमेर सूखे की मार झेल रहा है। चारे की कमी से हजारों पशु दम तोड़ रहे हैं, आम आदमी के पास रोजगार नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह नगरीय निकाय चुनावों में बेईमानी की गई, उसी तरह पंचायतीराज के परिसीमन में भी मनमानी की गई है लेकिन जनता में भाजपा के खिलाफ इतना आक्रोश है कि पंचायतीराज चुनावों में वह भाजपा को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत से जनता के साथ खड़े हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित