अलवर , अगस्त 26 -- राजस्थान में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि राज्य में सरकार का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है।

श्री जूली ने बुधवार को यहां कहा कि स्थिति इतनी खराब हो गयी है कि एक मंत्री को अपनी ही सरकार के खिलाफ करीब पांच घंटे तक धरने पर बैठना पड़ रहा है। वहीं, एक कलेक्टर के खिलाफ मंत्री द्वारा कथित तौर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का मामला भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने मंत्री संजय शर्मा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अधिकारियों को लेकर मंत्रियों और सरकार के बीच ही टकराव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्यशैली भी खराब हो चुकी है और आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।

श्री जूली ने दावा किया कि अधिकारियों को कथित तौर पर मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश दिये गये हैं कि वे मंत्रियों की बातों को प्राथमिकता न देकर सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय को रिपोर्ट करें। इससे सरकार में मंत्री और अधिकारियों के बीच समन्वय की स्थिति पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने राज्य में विकास कार्यों को लेकर भी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि अलवर से लेकर पूरे राजस्थान में विकास कार्य ठप पड़े हैं और विभिन्न विभागों में बजट खर्च नहीं हो पा रहा है।

श्री जूली ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर विकास की स्थिति बेहद खराब है। जनता को योजनाओं और बजट के नाम पर गुमराह किया जा रहा है।

उन्होंने विद्यालयों के लिए स्वीकृत बजट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि न्यायालय की फटकार के बाद करीब 12 हजार करोड़ रुपये के स्कूल संबंधी कार्य स्वीकृत किये गये हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार पहले से ही गंभीरता से काम कर रही थी तो न्यायालय की फटकार के बाद इतनी बड़ी राशि स्वीकृत करने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने कहा कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है और जनता अब सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है।

श्री जूली ने कहा कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब मंत्री ही अपनी सरकार की कार्यशैली के खिलाफ धरने पर बैठने को मजबूर हैं, तो आम जनता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए किसके पास जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित