सिरसा , अक्टूबर 22 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार और प्रशासन के बीच तालमेल का स्पष्ट अभाव दिखाई दे रहा है। घोषणाओं के बाद दोबारा घोषणाएं करनी पड़ रही हैं। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदेश में शासन किस प्रकार चलाया जा रहा है।

रतिया में आयोजित 'वोट बचाओ-देश बचाओ' जन आंदोलन की पदयात्रा के दौरान कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में अपराध, नशाखोरी और बेरोजगारी गंभीर समस्याएं बन चुकी हैं। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बड़े निवेश, दस आधुनिक औद्योगिक शहरों और स्मार्ट सिटी विकसित करने के वादे किए थे। सरकार बताए कि कितने औद्योगिक शहर विकसित हुए, कितना निवेश आया और कितने युवाओं को रोजगार मिला। गरीबों को आवास उपलब्ध कराने वाली योजनाओं की प्रगति का विवरण भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए सिरसा सांसद ने कहा कि मंडियों और खरीद केंद्रों में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने की बात करती है लेकिन उसे फसलवार खरीद, लाभान्वित किसानों की संख्या और भुगतान का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सरकार को उनसे संवाद कर भर्ती, तबादले और पदोन्नति की नीतियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि राज्य के युवाओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। भाजपा ने खेल नर्सरियां विकसित करने का वादा किया था लेकिन आज युवाओं को नशे और गैंगस्टर संस्कृति से बचाना बड़ी चुनौती बन गया है। सरकार को युवाओं के लिए बेहतर शिक्षा, खेल सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित