चंडीगढ़/खरड़ , सितंबर 10 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादलने गुरुवार को पंजाब में पुलिस हिरासत में कथित प्रताड़ना की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार अपने 'हरे पेन' का इस्तेमाल विरोध की आवाज दबाने के लिए कर रही है। खरड़ में पार्टी कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए श्री बादल ने गुरुवार को दावा किया कि तीन दिनों में हिरासत में प्रताड़ना के तीन मामले सामने आये हैं। उन्होंने धूरी थाने में कथित प्रताड़ना के बाद चमकौर सिंह द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब को 'पुलिस राज्य' में बदल दिया गया है।
श्री बादल ने शेरों और तूर बंजारा गांवों में कथित प्रताड़ना और आत्महत्या के मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के सामने काला झंडा दिखाने और वित्त मंत्री हरपाल चीमा से राज्य में नशे की कथित बिक्री पर सवाल उठाने वालों के साथ ज्यादती की गयी। उन्होंने मुख्यमंत्री के 'हरे पेन' पर तंज कसते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल जनहित के बजाय असहमति की आवाज दबाने और राज्य के संसाधनों की कथित लूट के लिए किया जा रहा है।
श्री बादल ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और विवादों से जुड़े लोगों को पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिये जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुम्मन और सलाहकार विभव कुमार को पार्टी की संसदीय मामलों की समिति में शामिल किए जाने पर भी सवाल उठाया।
गुलजार सिंह के मामले में श्री बादल ने आरोप लगाया कि परिवार पर अंतिम संस्कार कराने के लिए दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि यदि गुलजार सिंह के कथित मृत्यु-पूर्व बयान में हरपाल चीमा का नाम है तो उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। ये आरोप हालांकि श्री बादल ने लगाये हैं। शिअद अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी नशे और गैंगस्टरों से निपटने के लिए विशेष कानून बनाएगी, जिसके तहत उनकी संपत्तियां जब्त करने और कम से कम 20 वर्ष की सजा का प्रावधान होगा। उन्होंने खरड़ क्षेत्र के समग्र विकास का वादा करते हुए कहा कि नयागांव को न्यू चंडीगढ़ में शामिल करने तथा रेस कोर्स और वन्यजीव सफारी जैसी परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।
श्री बादल ने किसानों के लिए ट्यूबवेल कनेक्शन, आटा-दाल योजना के तहत चार रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 50 किलोग्राम गेहूं, शगुन राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये करने, वृद्धावस्था पेंशन 3,100 रुपये मासिक करने और गांवों के लाल डोरा क्षेत्र में मकानों के मालिकाना हक देने की भी घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित