चंडीगढ़ , सितंबर 30 -- शिरोमणि अकाली दल पुनर्सुरजीत के संरक्षक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रवि इंदर सिंह ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र और पंजाब सरकार नशे के मुद्दे पर एक-दूसरे के खिलाफ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप कर रही हैं, जबकि जमीनी स्तर पर नशे की समस्या से निपटने के प्रयासों का अपेक्षित प्रभाव दिखायी नहीं दे रहा है।
श्री सिंह ने यहां एक बयान जारी कर कहा कि केंद्र सरकार के नियंत्रण वाले 50 किलोमीटर सीमा क्षेत्र से पड़ोसी देशों से ड्रोन के माध्यम से कथित रूप से हो रही नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकना चुनौती बनी हुई है। वहीं, उन्होंने पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान पर भी ठोस परिणाम नहीं दिखने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से पंजाब के युवाओं की छवि नशे के आदी लोगों के रूप में प्रस्तुत हो रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के युवाओं ने कई मौकों पर नशे के खिलाफ स्वयं पहल की है और सरकारों की नाकामियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने हाल में जालंधर की एक निजी विश्वविद्यालय में हुई हिंसा का उल्लेख करते हुए कहा कि यूनाइटेड सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन से जुड़े युवाओं ने स्थिति संभालने और विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के लिए मार्गदर्शन देने में भूमिका निभायी। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा कथित 'भगवाकरण' के प्रयासों का विरोध किए जाने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि सरकारों की जिम्मेदारी आरोप-प्रत्यारोप के बजाय राज्य में बाहर से आने वाले नशीले पदार्थों की आपूर्ति रोकना और प्रभावित लोगों को न्याय दिलाना है। उन्होंने युवाओं से नशे के मुद्दे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को चुनौती के रूप में लेते हुए सामाजिक कार्यों में संगठित होकर योगदान देने की अपील की। उन्होंने एसजीपीसी सहित विभिन्न संस्थाओं के कामकाज में सुधार के लिए भी युवाओं से आगे आने का आह्वान किया और कहा कि पंजाब से नशे का कलंक मिटाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित