पटना , मई 30 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली नहीं करने संबंधी दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शनिवार को कहा कि बिहार में अब कानून का राज है और कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना भी बड़ा पदाधिकारी या पूर्व मुख्यमंत्री ही क्यों न रहा हो, नियमों और कानून से ऊपर नहीं हो सकता। श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा कि सरकारी आवास किसी व्यक्ति या परिवार की निजी संपत्ति नहीं होती, बल्कि यह जनता के टैक्स के पैसे से निर्मित और संचालित सार्वजनिक संपत्ति है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के तहत ही आवासों का आवंटन और पुनः आवंटन किया जाता है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा सरकारी आदेश की अवहेलना करना लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों का अपमान है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लालू परिवार की राजनीति हमेशा से सत्ता को निजी अधिकार समझने की रही है। यही कारण है कि आज भी वे सरकारी संसाधनों और संपत्तियों को जनता की धरोहर के बजाय अपने निजी अधिकार के रूप में देखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव के परिवार की आदत सरकारी संसाधनों और जनता के पैसे की लूट-खसोट की राजनीति से जुड़ी रही है। बिहार की जनता ने लंबे समय तक इस मानसिकता का दुष्परिणाम देखा है और अब प्रदेश की जनता ऐसी प्रवृत्तियों को स्वीकार करने वाली नहीं है।
श्री सरावगी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का यह कहना कि सरकार फोर्स लगाकर आवास खाली करवाए, उनके अहंकार और कानून के प्रति असम्मान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नियम सभी के लिए समान होते हैं। यदि सरकार ने नियमों के अनुसार कोई निर्णय लिया है, तो उसका सम्मान किया जाना चाहिए, न कि उसे राजनीतिक विवाद का विषय बनाया जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित