मुरैना , अगस्त 09 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय पोखर का पुरा में जिला शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान सरकारी शिक्षक के स्थान पर निजी शिक्षिका द्वारा बच्चों को पढ़ाए जाने का मामला सामने आया है। जिला शिक्षा अधिकारी बीएस इंदौलिया ने विद्यालय का निरीक्षण किया था।
श्री इंदौलिया ने यहां बताया कि निरीक्षण के दौरान विद्यालय में 16 बच्चे उपस्थित मिले, जबकि छात्र रजिस्टर में 35 बच्चों के नाम दर्ज थे। बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी सरकारी शिक्षक के बजाय निजी शिक्षिका प्रीति रावत संभाल रही थीं। वहीं प्रधानाध्यापक अमरलाल रावत विद्यालय में मौजूद नहीं मिले।
पूछताछ में निजी शिक्षिका ने बताया कि वह करीब एक महीने से विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने आ रही हैं और इसके एवज में उन्हें 4500 रुपए प्रतिमाह दिए जाते हैं। शिक्षिका के अनुसार, उन्हें प्रधानाध्यापक अमरलाल रावत ने बच्चों को पढ़ाने के लिए रखा था। उन्होंने बताया कि प्रधानाध्यापक एक दिन पहले विद्यालय आए थे, उपस्थिति दर्ज की और फिर चले गए थे। शिक्षिका ने यह भी बताया कि प्रधानाध्यापक नियमित रूप से विद्यालय में पढ़ाने नहीं आते थे तथा इससे पहले भी निजी शिक्षकों को बच्चों को पढ़ाने के लिए रखा जाता रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालय में शासकीय शिक्षक के स्थान पर निजी शिक्षिका से बच्चों को पढ़वाना नियमों के विपरीत है। मामले के सामने आने के बाद प्रधानाध्यापक अमरलाल रावत को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। मामले की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानाध्यापक के जवाब और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसमें निलंबन सहित अन्य विभागीय कार्रवाई संभव है। विभागीय जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि निजी शिक्षिका को किसके निर्देश पर रखा गया, उसे भुगतान कौन कर रहा था और सरकारी शिक्षक के स्थान पर निजी शिक्षकों से बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था कितने समय से चल रही थी।
निरीक्षण के दौरान सभी कक्षाओं के बच्चे एक ही कमरे में बैठकर पढ़ाई करते हुए भी मिले। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों की अलग-अलग कक्षाएं लगनी चाहिए थीं। मामले के सामने आने के बाद सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति और शिक्षा व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित