छिंदवाड़ा , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की ग्राम पंचायत थाबड़ीकला में सरकारी रिकॉर्ड में त्रुटि का मामला सामने आया है। यहां 12 वर्षीय अनंत सोनी को समग्र आईडी में मृत दर्ज कर दिया गया है, जबकि वह जीवित है। इस त्रुटि के कारण परिवार पिछले एक वर्ष से विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है।
पीड़ित पिता बलराम सोनी ने बताया कि समग्र आईडी में मृत दर्ज होने के कारण उनके पुत्र की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल प्रबंधन ने समग्र रिकॉर्ड में सुधार होने तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने से इनकार कर दिया है। इसके अलावा समग्र आईडी से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी बच्चे को नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत छिंदवाड़ा को लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को कलेक्टर कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया। वहीं 20 मई 2026 को सांसद विवेक बंटी साहू को भी मामले से अवगत कराते हुए शिकायत सौंपी गई, लेकिन अब तक समग्र पोर्टल में सुधार नहीं किया गया।
बलराम सोनी के अनुसार पंचायत सचिव से लेकर जनसुनवाई तक कई बार आवेदन देने और बेटे के जीवित होने संबंधी सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला। उनका कहना है कि एक प्रशासनिक त्रुटि का खामियाजा पूरा परिवार भुगत रहा है।
परिवार ने जिला प्रशासन से समग्र आईडी में तत्काल सुधार कर बच्चे को सरकारी रिकॉर्ड में जीवित दर्ज करने तथा मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। प्रशासन की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित