दरभंगा , जुलाई 10 -- बिहार में दरभंगा जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि की अवैध जमाबंदी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अंचल के तीन राजस्व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, वहीं, मामले में दोषी पाए गए आठ राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध प्रपत्र-'क' गठित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है।जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शुक्रवार को बताया कि सदर अंचल के खोजकीपुर मौजा, थाना संख्या-600 स्थित लगभग चार बीघा 13 कट्ठा 10 धूर गैरमजरूआ खास (झील) भूमि पर अवैध रूप से मिट्टी भरकर उसकी खरीद-बिक्री किए जाने तथा फर्जी तरीके से दाखिल-खारिज कर रैयती जमाबंदी कायम किए जाने की शिकायत मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में भूमि सुधार उप समाहर्ता, सदर को शामिल करते हुए दो सदस्यीय जांच दल गठित किया गया था।जांच दल द्वारा दिए गए जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि तत्कालीन अंचल अधिकारियों, राजस्व अधिकारियों और राजस्व कर्मचारियों ने कर्तव्य में गंभीर अनियमितता बरतते हुए 27 मामलों में सरकारी भूमि का दाखिल-खारिज कर रैयती जमाबंदी कायम कर दी।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने दोषी पाए जाने पर राजस्व कर्मचारी चंदन कुमार शर्मा, नंद लाल दास तथा नेहाल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।इसके अलावा तत्कालीन अंचल अधिकारियों अरुण कुमार सक्सेना, इन्द्रसान साह, रंधीर कुमार, राजस्व अधिकारी विनीत चित्रा तथा तत्कालीन राजस्व कर्मचारियों बबन पाल, राधेश्याम चौधरी, भरत कुमार और पूर्णानंद झा के विरुद्ध प्रपत्र-'क' गठित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इनमें तत्कालीन अंचलाधिकारी अरुण कुमार सक्सेना, इन्द्रसान साह एवं राजस्व कर्मचारी राधेश्याम चौधरी, भरत कुमार और पूर्णानंद झा सेवानिवृत्ति भी हो चुके हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण, फर्जी दाखिल- खारिज अथवा अनियमित रूप से रैयती जमाबंदी कायम करने जैसी गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सरकारी भूमि की सुरक्षा, राजस्व अभिलेखों की शुचिता और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की अनियमितताओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित