मधुबनी , जुलाई 14 -- िहार के मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के बलांट गांव के मनटोला में सरकारी सड़क निर्माण का बोर्ड उखाड़ने से रोकने पर एक व्यक्ति ने अपनी भाभी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मृतका की पहचान बलांट गांव निवासी रामबली पासवान की पत्नी दामो देवी के रूप में हुई है। उसका देवर त्रिबलि पासवान सोमवार रात गांव में लगे सड़क निर्माण के सरकारी बोर्ड को उखाड़ रहा था। दामो देवी ने उसे ऐसा करने से मना करते हुए सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने की सलाह दी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने पास में रखी कुदाल के बेंट से उनके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है।

सकरी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित