नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) ने डिजिटल माध्यम से ऋण स्वीकृति कार्यक्रमों के तहत चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से दिसंबर, 2025 के बीच एमएसएमई इकाइयों के 52,300 करोड़ रुपये से अधिक के 3.96 लाख से अधिक ऋण आवेदनों को मंजूर किया।

वित्त मंत्रालय की सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इन आवेदनों में आवेदक की वित्तीय साख का मूल्यांकन मॉडल इकोसिस्टम में उपलब्ध डिजिटल रूप से प्राप्त और सत्यापन योग्य डेटा का लाभ उठाता है और सभी ऋण आवेदनों के लिए वस्तुनिष्ठ निर्णय लेने और विद्यमान बैंक खाते वाले (ईटीबी) और नये बैंक खाते वाले (एनटीबी) दोनों एमएसएमई उधारकर्ताओं के लिए मॉडल-आधारित सीमा मूल्यांकन का उपयोग करके एमएसएमई ऋण मूल्यांकन के लिए स्वचालित प्रक्रियाएं तैयार करता है।

पीएसबी ने वर्ष 2025 में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए डिजिटल फुटप्रिंट पर आधारित वित्तीय साख मूल्यांकन मॉडल (सीएएम) शुरू किया था। इस मॉडल द्वारा डिजिटल फुटप्रिंट का उपयोग केवाईसी प्रमाणीकरण, मोबाइल फोन और ई-मेल सत्यापन, जीएसटी डेटा विश्लेषण, बैंक स्टेटमेंट विश्लेषण (अकाउंट एग्रीगेटर का उपयोग करके), आईटीआर सत्यापन और क्रेडिट सूचना कंपनियों (सीआईसी) के डेटा का उपयोग करके उचित जांच पड़ताल, धोखाधड़ी की जांच आदि के लिए किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित