पटना , अक्टूबर 28 -- बिहार के सभी सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में 31 अक्टूबर को मासिक अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।
शिक्षा विभाग से जारी सूचना के अनुसार इस बार संगोष्ठी की थीम 'स्वच्छता हमारी संस्कृति' रखी गई है। इसके माध्यम से बच्चों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा।
संगोष्ठी के दौरान स्वच्छता, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर अभिभावकों और विद्यार्थियों को ई-कचरे के उचित प्रबंधन के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्हें ई-कचरे को खुले में या इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित तरीके से एकत्र करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अभिभावकों, विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित